24 News Update जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सोमवार को जोधपुर पहुंचे। वे आगामी 5 से 7 सितंबर तक लालसागर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में होने वाली तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे 9 सितंबर की सुबह तक यहीं प्रवास करेंगे।
बैठक में हिस्सा लेने के लिए संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित अन्य शीर्ष पदाधिकारी भी मंगलवार से जोधपुर पहुंचना शुरू करेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
संघ प्रमुख के प्रवास को देखते हुए जोधपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने सोमवार सुबह 5 बजे से अगले आदेश तक ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया।
तीन दिवसीय बैठक में इनकी मौजूदगी
लालसागर के आदर्श विद्या मंदिर में होने वाली बैठक हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में आयोजित की जाती है। पिछले वर्ष यह बैठक केरल के पालक्काड़ में हुई थी।
इस बार की बैठक में संघ प्रेरित 32 संगठनों के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रमुख उपस्थितियां:
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले
सह सरकार्यवाह – डॉ. कृष्ण गोपाल, सी.आर. मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, अतुल लिमये और आलोक कुमार
भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष
राष्ट्र सेविका समिति, वनवासी कल्याण आश्रम, विश्व हिंदू परिषद, एबीवीपी, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती, भारतीय मजदूर संघ सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी
बैठक के मुख्य एजेंडे
संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, बैठक में सभी संगठन अपने अनुभव साझा करेंगे और राष्ट्रीय एकात्मता, सुरक्षा तथा सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विमर्श होगा। अवैध घुसपैठ और जनसांख्यिकीय परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा संघ शताब्दी वर्ष (2025) को लेकर तैयारियां और पंच परिवर्तन योजना (राष्ट्र निर्माण, सेवा, सामाजिक एकता आदि) वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां (जैसे ट्रंप टैरिफ), सीमाओं की स्थिति, स्वावलंबन अभियान और कुटुंब प्रबोधन की आवश्यकता
संघ प्रमुख मोहन भागवत जोधपुर पहुंचे, 5 से 7 सितंबर तक अखिल भारतीय समन्वय बैठक

Advertisements
