Site icon 24 News Update

निंबाहेड़ा में संपूर्णता अभियान 2.0 का समापन, विकास लक्ष्यों की समीक्षा के साथ आत्मनिर्भरता का संकल्प

Advertisements

24 News Update निंबाहेड़ा (कविता पारख) पंचायत समिति परिसर, निंबाहेड़ा में मंगलवार को नीति आयोग के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश राजपुरोहित, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, निवर्तमान प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, पंचायत समिति विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, सीडीपीओ दिलीप सिंह, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, तहसीलदार घनश्याम जरवार एवं केली प्रशासक प्रतिनिधि राधेश्याम टेलर मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपखंड अधिकारी विकास पंचोली द्वारा अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत से हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम का संचालन विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक ने किया।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नीति आयोग द्वारा 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक इस अभियान का संचालन किया गया, जिसमें कुल 6 प्रमुख संकेतकों का चयन कर उन्हें निर्धारित समयावधि में संतृप्त करने का लक्ष्य रखा गया। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग के चार तथा शिक्षा एवं पशुपालन विभाग के एक-एक संकेतक शामिल रहे।
समारोह के दौरान विधायक कृपलानी एवं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने निंबाहेड़ा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित एकलव्य ज्ञान केंद्रों से जुड़े छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं पशुपालन जैसे मूलभूत क्षेत्रों में जो लक्ष्य तय किए गए हैं, वे निंबाहेड़ा को विकास के नए आयाम प्रदान करेंगे।
कृपलानी ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस समर्पण एवं टीम भावना से कार्य किया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान की उपलब्धियों को स्थायी बनाए रखते हुए आगामी समय में भी नवाचारों को अपनाएं।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें, तो निंबाहेड़ा को स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर ब्लॉक के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य केवल आंकड़ों की पूर्ति नहीं, बल्कि वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर संकेतक के पीछे एक मानवीय जीवन जुड़ा होता है, इसलिए कार्य करते समय संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का भाव अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास, शिक्षा एवं पशुपालन विभाग द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में समन्वित प्रयासों से ही समग्र विकास संभव है। उन्होंने विशेष रूप से पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पशुधन संरक्षण को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
डॉ. मंजू ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य, पोषण एवं पशु टीकाकरण से जुड़े संकेतकों को पूर्ण संतृप्त कर निंबाहेड़ा को स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक एवं स्थायी सुधार सुनिश्चित करना है।
समापन अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक रूप से निंबाहेड़ा के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। इस दौरान अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित स्वयं सहायता ग्रुप द्वारा बनाए गए व्यंजनों के बारे में जानकारी ली, साथ ही एक महिला की गोद भराई, दो बच्चों का अन्न प्राशन किया।

Exit mobile version