Site icon 24 News Update

ऑपरेशन त्रिनेत्र में सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 क्विंटल डोडा चूरा जब्त

Advertisements

24 News Update निम्बाहेड़ा (कविता पारख)। जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान पशु आहार की आड़ में कंटेनर से 5 क्विंटल से अधिक अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर कंटेनर भी जब्त किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत एएसपी सरिता सिंह के सुपरविजन में सदर थाना प्रभारी संजय शर्मा की टीम हाईवे स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आए महाराष्ट्र पासिंग कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कंटेनर को रुकवाया।
तलाशी के दौरान पशु आहार के कट्टों की आड़ में रखे 25 कट्टों से कुल 502 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा चूरा सहित कंटेनर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी तरणतारण, पंजाब एवं गुरप्रीत सिंह उर्फ काली पुत्र गुरुदीप सिंह निवासी तरणतारण, पंजाब के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त रहे हैं।
कार्रवाई टीम में सुरेश पालीवाल, सुंदरपाल, जीवनलाल, श्यामलाल, दयाराम, धर्मचंद, ओपीलाल, शिवकुमार एवं चालक हवलदार महावीर सिंह शामिल रहे।

Exit mobile version