24 N ews Update जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार से रनवे से जुड़े निर्धारित रख-रखाव कार्यों की शुरुआत के साथ ही उड़ान संचालन प्रभावित हो गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) के तहत 17 मार्च से 23 मार्च तक रोजाना दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चार घंटे का प्रतिबंध लागू रहेगा। इस अवधि में रनवे पर तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे, जिसके चलते कई उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ को अस्थायी रूप से रद्द करना पड़ा है।
सबसे बड़ा असर अहमदाबाद और दिल्ली रूट पर पड़ा है। इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट 6E-7031, जो रोजाना दोपहर 1:25 बजे उड़ान भरती थी, को 17 से 23 मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह जयपुर से दिल्ली के लिए दोपहर 1:55 बजे प्रस्थान करने वाली फ्लाइट 6E-5096 भी इस अवधि में संचालित नहीं होगी। दोनों उड़ानों का संचालन 24 मार्च से पुनः अपने नियमित समय पर शुरू किया जाएगा।
NOTAM के प्रभाव से केवल रद्दीकरण ही नहीं, बल्कि कई उड़ानों के समय में भी फेरबदल किया गया है। जयपुर से संचालित इंडिगो की चार अन्य उड़ानों के टाइम स्लॉट बदले गए हैं, ताकि वे नोटम की समयावधि से बाहर संचालित हो सकें और यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।
वहीं, जयपुर-चंडीगढ़ रूट पर भी असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सामान्यतः सप्ताह में पांच दिन चलने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-7516 की फ्रिक्वेंसी घटाकर नोटम अवधि में सिर्फ एक दिन कर दी गई है। अब यह फ्लाइट 22 मार्च को अपने निर्धारित समय 1:45 बजे की बजाय पहले, दोपहर 12:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि रनवे की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आवश्यक है। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति और समय की जानकारी पहले ही एयरलाइन से प्राप्त कर लें, ताकि अंतिम समय में परेशानी से बचा जा सके।
रनवे मरम्मत ने रोकी रफ्तार: जयपुर एयरपोर्ट पर 7 दिन का NOTAM लागू, दिल्ली-अहमदाबाद फ्लाइट्स रद्द, कई उड़ानों का समय बदला

Advertisements
