
24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार प्रातः 8ः00 बजे आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से राष्ट्रसंत पूज्य गुरुदेव श्री पुलकसागर जी महाराज को सम्मान पत्र एवं गुरु पूर्णिमा संदेश भेंट किया गया। यह सम्मान विधायक, जिलाध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
मुनिश्री सर्वऋतु विलास में चातुर्मास के अंतर्गत विराजमान हैं और उनके नियमित प्रवचन चल रहे हैं। मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए संदेश और श्रद्धा भाव से पुलकित हुए राष्ट्रसंत ने सभी पदाधिकारियों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रसंत पुलकसागर जी महाराज ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी को आशीर्वाद देता हूं, और सभी पार्टी पदाधिकारियों को भी। ताराचंद जी ने मुझे राजकीय अतिथि का दर्जा दिया, इसके लिए भी शुभाशीष। मेरा आशीर्वाद है कि हमारा राजस्थान फलता-फूलता रहे, यह भूमि शस्य-श्यामल बनी रहे, मां भारती का वैभव अमर बना रहे।
राष्ट्रसंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है, यह हिंदुस्तान को बचाने का समय है। पहले जब हम सड़कों से निकलते थे तो उपहास और अपशब्द झेलने पड़ते थे, लेकिन बीते पंद्रह वर्षों में सुशासन के माध्यम से भाई नरेंद्र मोदी ने पूरे वातावरण को बदल डाला है। अब देश में धर्म के साथ कोई समझौता नहीं होता, भारत के किसी भी कोने में निर्भय विचरण किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अब तो देश में कमल ही कमल खिल रहा है। जो लोग राष्ट्र को समर्पित हैं, उन्हीं ने भारत को मजबूती दी है। यही समय है जब देश को राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के आधार पर सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
समारोह में शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ शहर जिला महामंत्री किरण जैन अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह एवं सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग जतिन गांधी उपस्थित थे। सभी को गुरुदेव का शुभाशीष प्राप्त हुआ। कार्यक्रम धार्मिक वातावरण और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.