Site icon 24 News Update

दिल्ली महारैली की तैयारी तेज़: उदयपुर देहात जिला कांग्रेस की प्रमुख बैठक 6 दिसंबर को

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान ‘वोट चोरी रोकने के महाअभियान’ और “वोट चोर गद्दी छोड़” आंदोलन को गति देने के लिए 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक 6 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित ने बताया कि उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने पदभार ग्रहण के दूसरे दिन ही सूरजपोल स्थित जिला कार्यालय में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई।

मीणा ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशानुसार 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में उदयपुर देहात से मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 06 दिसंबर को सभी प्रमुख नेताओं की संयुक्त बैठक रखी गई है। इस बैठक में बूथ स्तर तक की रणनीति, मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दे और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अभियान की स्थानीय तैयारी पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वे जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियमित रूप से बैठेंगे और इस दौरान जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।

Exit mobile version