उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं में खेल और सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रही क्वीन्स क्रिकेट लीग 2026 के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर का लोकार्पण संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता और पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान अतिथियों ने आयोजन को महिला जागरण और सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजन निदेशक मिताली जैन ने बताया कि मिताली इवेंट्स द्वारा राहड़ा फाउंडेशन के सहयोग से 7 और 8 मार्च को यह लीग आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में शहर की 8 महिला टीमें भाग लेंगी, जिनमें प्रत्येक टीम में 9 खिलाड़ी होंगी। सभी मुकाबले अर्बन स्क्वायर स्थित फूकेट स्पोर्ट्स अरेना में 6-6 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस क्रिकेट लीग की खास बात यह है कि सभी महिला टीमों को सशक्त महिलाओं द्वारा ही प्रायोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य “वुमन इम्पावर वुमन” की भावना को आगे बढ़ाना है।
आयोजन के उद्घाटन समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी और जिला कलेक्टर नमित मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि टीमों का उत्साहवर्धन करने के लिए पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत भी मौजूद रहेंगी।
मिताली जैन ने बताया कि सभी टीमों को प्रतियोगिता में निःशुल्क प्रवेश दिया गया है और खिलाड़ियों को प्रोफेशनल कोच द्वारा प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹21,000 और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹11,000 और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करना भी है। लीग के माध्यम से खेल भावना, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मिताली इवेंट्स की फाउंडर मिताली जैन, राहड़ा फाउंडेशन की चेयरपर्सन अर्चना चारण, वृक्षम अमृतम के अध्यक्ष गोपेश शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

