24 News Update निम्बाहेडा (कविता पारख) । आईजीपी रेंज उदयपुर के निर्देश पर चलाये जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत जिले के 22 पुलिस थानों में जब्तशुदा अवैध डोडाचूरा, गांजा व अन्य नशीले पदार्थों को न्यायालय से भौतिक सत्यापन व निर्णय के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी की उपस्थिति में जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट प्लांट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा 199 क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा, गांजा, चरस, स्मैक व एमडीएमए को नष्ट किया गया ।
पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि, जिले के पुलिस थानों के मालखाना एनडीपीएस एक्ट में जब्तशुदा मादक पदार्थों व वाहनों की वजह से लबालब भरे पड़े हुए हैं, जिससे अन्य जब्तशुदा मालों के रखने की समस्या आ रही थी। आईजीपी रेंज उदयपुर के निर्देश पर चलाये जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत माल निस्तारण और थाने को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्य प्रणाली शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से माल के निस्तारण के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर रिकॉर्ड तैयार किया गया।
उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, डीवाईएसपी बेगूं अंजलि सिंह,डीवाईएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल, डीवाईएसपी भदेसर विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी सदर निंबाहेड़ा संजय शर्मा सहित संबंधित 22 थानों के थाना प्रभारी एवं मालखाना प्रभारी व कार्यप्रणाली शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार एवं कार्यालय के कर्मचारियों आदि की उपस्थिति में आवश्यक रिकॉर्ड मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया तथा संबंधित मालों के वजन करने व नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो इसके लिए सम्पूर्ण कार्यवाही के समय फोटोग्राफी व विडियोग्राफी करवाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के थाना चंदेरिया,पारसोली, सदर निंबाहेड़ा , मंगलवाड़, बिजयपुर, गंगरार, रावतभाटा,शंभुपुरा, राशमी, बस्सी,डुंगला, सदर चित्तौड़गढ़, निकुंभ, कोतवाली निंबाहेड़ा, बेगूं, जावदा, कपासन,कनेरा, भैंसरोड़गढ़, भदेसर, भादसोड़ा व कोतवाली चित्तौड़गढ़ कुल 22 पुलिस थानों में दर्ज कुल 102 प्रकरणों में से 84 प्रकरणों में अवैध मादक पदार्थ 193 क्विंटल 86 किग्रा डोडा चूरा, 8 प्रकरणों में 556 किलो 733 ग्राम गांजा, एक प्रकरण में 6 किलो 920 ग्राम गीले डोडे, एक प्रकरण में 63 ग्राम चरस,एक प्रकरण में 39 ग्राम स्मैक व 07 प्रकरण में 5 किलो 646 ग्राम एमडीएमए को जिला पुलिस द्वारा कार्यवाही के दौरान तस्करों के कब्जे से जब्त किया गया था। उक्त सभी 102 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध मादक पदार्थो को जिला औषधि व्ययन समिति चित्तौड़गढ़ द्वारा वंडर सीमेंट के अधिकारियों पूर्णकालिक निदेशक परमानन्द पाटीदार, इकाई प्रमुख नितिन जैन, मुख्य सुरक्षा अधिकारी नगेंद्र सिंह चुंडावत, प्रशासन प्रमुख अखिलेश शाकद्वीपी,सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह,एएफआर प्रमुख अभिषेक रामदेव, पर्यावरण विभाग राहुल बंसल,इकाई प्रमुख के निजी सहायक पुलकित खमेसरा एवं अन्य टीम की उपस्थिति में शुक्रवार को निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट प्लांट की कीलन में जलाकर नष्ट किया गया।
22 पुलिस थानों के 102 प्रकरणों में जब्तशुदा अवैध अफीम डोडा चूरा, गांजा व अन्य मादक पदार्थ को पुलिस ने किया नष्ट, तस्करी में जब्त करीब 199 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ को पुलिस ने जलाकर किया नष्ट, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिला पुलिस की बड़ी उपलब्धि

Advertisements
