24 News Update उदयपुर। पुलिस द्वारा शहर में अवैध हुक्का बार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने सुखेर थाना क्षेत्र के 100 फीट रोड स्थित ‘द सेश कैफे’ पर दबिश देकर 8 हुक्के और भारी मात्रा में नशीले फ्लेवर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इस मामले में कैफे संचालक को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अवैध हुक्का बारों के खिलाफ जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी सुखेर की टीम और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए द सेश कैफे पर छापा मारा।
कैफे में ग्राहकों को पिलाया जा रहा था हुक्का
पुलिस के अनुसार नितेश निमावत पिता ओमप्रकाश निवासी खटीकवाड़ा, थाना धानमंडी हाल संचालक द सेश कैफे (जुडियो शोरूम के पास, 100 फीट रोड) अवैध रूप से हुक्का रखकर ग्राहकों को पिला रहा था। टीम ने मौके से 08 अवैध हुक्के, नशीले फ्लेवर और हुक्का से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद कर जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी नितेश निमावत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और अनुसंधान जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में अवैध हुक्का बारों और नशीले पदार्थों के उपयोग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले कैफे और संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

