24 News Update उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को पांचवें दिन उपभोक्ता संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेहा सिंह और डॉ. कल्पेश निकावत ने बताया कि शिविर के तहत स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने पीएम श्री स्कूल सुखेर में नाटक के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन में खरीद-बिक्री के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव और उपभोक्ता कानूनों के बारे में भी सरल तरीके से समझाया।
कार्यक्रम के बाद विधि महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने सुखेर और रघुनाथपुरा गांव में उपभोक्ता संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान ग्रामीणों को उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित पेम्फलेट वितरित किए गए और लोगों को जागरूक उपभोक्ता बनने का संदेश दिया गया।
स्वयंसेवकों ने आमजन से अपील की कि किसी भी वस्तु या सेवा को खरीदते समय बिल अवश्य लें, उत्पाद की गुणवत्ता और मानकों की जांच करें तथा किसी प्रकार की शिकायत होने पर उपभोक्ता मंच का सहारा लें। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.