विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से देशप्रेम का संदेश दिया, मॉडल और रंगोली प्रतियोगिता से बढ़ाई जागरूकता
24 News Update. उदयपुर. जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय के संघटक नर्सिंग विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर आयोजित समारोह का शुभारंभ कुलपति कर्नल प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत, कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर, पीठ स्थविर डॉ. कौशल नागदा, प्राचार्य डॉ. मोहसिन छीपा और मुकेश चौधरी ने फलोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया। इस अवसर पर डॉ. मोहसिन छीपा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि नर्सिंग विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रंगोली और मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने न केवल नर्सिंग के सेवाभाव को प्रदर्शित किया, बल्कि हाल ही में पहलगांव में हुए आतंकी हमले पर सेना के पराक्रम को समर्पित एक मार्मिक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी, जिसने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
त्याग और सेवा का पेशा है नर्सिंग
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बिना किसी भेदभाव के मानव सेवा की शपथ दिलाते हुए कुलपति कर्नल प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने कहा, “नर्सिंग एक ऐसा पेशा है जो त्याग, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। मरीज का आधा इलाज तो नर्सिंगकर्मी के व्यवहार और देखभाल से ही हो जाता है। नर्स न केवल रोगी के शरीर का इलाज करती है, बल्कि उसके मनोबल को भी ऊँचा करती है। नर्सिंग में दिल और दिमाग दोनों का संतुलित उपयोग होता है। इसमें संवेदनशीलता और तकनीकी विज्ञान का संगम है। केवल दवा से मरीज को ठीक नहीं किया जा सकता, संवेदनशीलता भी जरूरी है।”
नर्सेज के सेवाभाव को सलाम करने का दिन
कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस उन नर्सिंग कर्मियों के सेवा भाव को सलाम करने का दिन है, जिन्होंने मानवता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपनी जान की परवाह नहीं की। विशेषकर कोरोना काल के दौरान जब परिवार भी अपने संक्रमित परिजन से दूर थे, तब नर्सिंगकर्मी ही उनका परिवार बने रहे। इस सेवा भावना को हम सब नमन करते हैं।”
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगोली और मॉडल प्रतियोगिता में भाग लिया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन नेहा मांडावत ने किया, जबकि आभार प्राचार्य डॉ. मोहसिन छीपा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिगिसा मुर्डिया, ज्योति जोशी, अफसाना बानो, डिम्पल आमेटा, विकास त्रिवेदी, दीनदयाल सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। यह जानकारी निजी सचिव कृष्णकांत कुमावत ने दी।

Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.