Site icon 24 News Update

निम्बाहेड़ा में अब डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए देना होगा उपभोक्ता शुल्क, नियम नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

Advertisements

24 News Update निम्बाहेड़ा, 1 मई (कविता पारख)। नगर परिषद निम्बाहेड़ा क्षेत्र में अब नागरिकों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था के लिए निर्धारित उपभोक्ता शुल्क जमा करवाना अनिवार्य होगा। नगर परिषद आयुक्त कौशल कुमार खटुमरा ने बताया कि भारत सरकार के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के तहत प्रत्येक घरेलू, व्यवसायिक एवं संस्थागत कचरा उत्पादक के लिए कचरे का पृथक्कीकरण करना अनिवार्य किया गया है।
इसी व्यवस्था के तहत नगर परिषद द्वारा सम्पूर्ण नगरीय क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राजस्थान सरकार की अधिसूचना के अनुसार अब इस सेवा के लिए श्रेणीवार उपभोक्ता शुल्क निर्धारित किया गया है।
निर्धारित शुल्क के अनुसार 50 वर्गमीटर तक के मकानों के लिए 15 रुपए, 50 से 300 वर्गमीटर तक 50 रुपए तथा 300 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले मकानों के लिए 100 रुपए प्रतिमाह शुल्क देना होगा। वहीं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से 200 रुपए, होटल, गेस्ट हाउस, कार्यालय एवं लघु-कुटीर उद्योगों से 500 रुपए तथा 300 वर्गमीटर तक के शादी हॉल से 1500 रुपए शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा छात्रावास एवं सरकारी संस्थानों से 400 रुपए तथा निजी शैक्षणिक संस्थानों से 750 रुपए प्रतिमाह यूजर चार्ज निर्धारित किया गया है।
आयुक्त खटुमरा ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की गाइडलाइन के तहत सभी बल्क कचरा उत्पादकों को अपने परिसर में ही गीले कचरे का निस्तारण करना होगा। जिन संस्थानों के पास पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, वे नगर परिषद से अनुबंध कर प्रतिमाह 2000 रुपए जमा करवाकर गीले कचरे का निस्तारण परिषद के माध्यम से करवा सकेंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित नियमों की पालना नहीं करने वाले बल्क कचरा उत्पादकों एवं संस्थानों के खिलाफ स्पॉट फाइन लगाने के साथ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई भी की जाएगी।
आयुक्त कौशल कुमार खटुमरा ने होटल, हॉस्पिटल, स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, मैरिज हॉल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट तथा अन्य बड़े संस्थानों से स्वच्छ भारत मिशन में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिसर में गीले कचरे के निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि निम्बाहेड़ा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नंबर-1 बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

Exit mobile version