24 News Update जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने माल परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 मार्च 2026 तक रेलवे ने 30.22 मिलियन टन माल लदान कर दूसरी बार 30 मिलियन टन का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले हासिल करने के साथ-साथ क्षेत्रीय औद्योगिक गतिविधियों को गति देने में रेलवे की प्रभावी भूमिका को भी रेखांकित करती है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त हुई है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक का माल लदान पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले वर्ष 2022-23 में पहली बार 30 मिलियन टन का आंकड़ा पार किया गया था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार माल लदान में यह निरंतर वृद्धि बेहतर संचालन प्रबंधन, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और समयबद्ध सेवाओं का परिणाम है। सीमेंट, खनिज, कंटेनर परिवहन और कृषि उत्पादों के कुशल परिवहन ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, ट्रैक क्षमता में सुधार और डिजिटल तकनीकों के उपयोग से माल परिवहन अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हुआ है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी माल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, ग्राहकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे का कीर्तिमान: माल लदान में दूसरी बार 30 मिलियन टन का आंकड़ा पार

Advertisements
