24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एफआईआर संख्या 100/2025 के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज को ज्ञापन सौंपा। पीड़िता ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि मामले के प्रमुख अभियुक्त लगातार उसे धमका रहे हैं और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं।
ज्ञापन में महिला ने बताया कि एक आरोपी द्वारा खुलेआम उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और अभियुक्त उसके घर के बाहर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त रहकर भय का वातावरण बना रहा है। साथ ही आरोप लगाया गया कि अभियुक्त ने उसकी तस्वीरें खींचीं और उसकी नाबालिग बेटी को लेकर गंभीर आपत्तिजनक धमकियां दीं। महिला के अनुसार, अभियुक्तों ने दावा किया है कि उनकी ऊंचे पुलिस अधिकारियों तक पहुंच है, इसलिए वे कानून से ऊपर हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। पीड़िता ने बताया कि प्रकरण से जुड़े अन्य गवाहों को भी लगातार धमकाया जा रहा है, जिससे वे भी भयभीत हैं। हालांकि, खमनोर थाने में शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों के हौसले और अधिक बढ़ते जा रहे है। आईजी को सौंपे गए ज्ञापन में पीड़िता ने आग्रह किया कि खमनोर थाना पुलिस को निर्देशित किया जाए कि वह सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करे और मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पीड़िता ने कहा कि वह भय के माहौल में जी रही है और उसे न्याय के लिए उच्च अधिकारियों से ही आशा है।
एफआईआर के बावजूद कार्रवाई नहीं, महिला ने पुलिस आईजी को दी जानकारी– बेटी की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा, आरोपी बना रहे दबाव

Advertisements
