Site icon 24 News Update

रात्रि चौपाल : मावली के सांगवा में 52 समस्याओं का मिला त्वरित समाधान, अधिकारियों को दिए ठोस निर्देश

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को मावली की सांगवा पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को ठोस निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह चौपाल ऐसे ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित की गई, जहां के निवासियों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था।
चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क निर्माण, अतिक्रमण, आधार कार्ड और नालियों जैसी 52 समस्याएं रखीं। जिला कलक्टर ने प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता से कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। सांगवा से लिम्बुआ बस्ती तक डामर सड़क निर्माण के लिए डीएमएफटी से प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, मृत पशुओं के निस्तारण हेतु स्थान निर्धारण और अतिक्रमण की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के सीधे संवाद और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैये की सराहना की। चौपाल में जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, मावली उपखंड अधिकारी रमेश सिरवी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version