24 News Update जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने योजना के संचालन और मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर आरजीएचएस के संचालन का पूरा जिम्मा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सौंपा है। अब योजना से संबंधित सभी पत्रावलियां राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के माध्यम से विभाग को प्रस्तुत की जाएंगी।
राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरजी लाल अटल ने कहा कि जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) योजना के समग्र क्रियान्वयन, संचालन और मॉनिटरिंग के लिए जिम्मेदार होंगे। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में नियुक्त जिला नोडल अधिकारी अब आरजीएचएस योजना के भी जिला नोडल अधिकारी होंगे। ये अधिकारी योजना से जुड़े सभी दायित्व निभाएंगे और जिले में योजना संबंधी न्यायिक मामलों में राज्य सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी करेंगे।
परियोजना अधिकारी श्री शाहीन अली ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के जिला परियोजना समन्वयक (DPC) जिले में आरजीएचएस योजना के समुचित क्रियान्वयन, समन्वय, मॉनिटरिंग और नियंत्रण के कार्यों को सीएमएचओ और नोडल अधिकारियों के निर्देशानुसार संपन्न करेंगे।
नए दिशा-निर्देशों से आरजीएचएस योजना में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी, जिससे राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
आरजीएचएस योजना को मजबूत बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश, जिलों में सीएमएचओ संभालेंगे योजना के क्रियान्वयन का जिम्मा

Advertisements
