24 News Update उदयपुर। शहर के सविना थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई, जब भीलिया फंदा इलाके में तैनात ट्रैफिक ASI राकेश मीणा (47) का अपने ही घर में अधजला शव मिला। घटना ने न केवल पुलिस महकमे को हिला दिया, बल्कि मौत की परिस्थितियों ने कई अनसुलझे सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
देर रात कॉल्स, सुबह बढ़ी बेचैनी
सोमवार रात ASI की पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। रिंग जाती रही, पर जवाब नहीं मिला। रातभर अनदेखी कॉल्स के बाद मंगलवार सुबह जब फिर संपर्क नहीं हो पाया तो पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई। उस समय वह बच्चों के साथ अपने पैतृक गांव कोटपूतली में थी। पत्नी ने पड़ोसी को घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी ने दरवाजा खटखटाया, काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान घर से धुएं और जले हुए सामान की बदबू आने लगी। आशंका गहराते ही पुलिस को सूचना दी गई।
टूटा दरवाजा, जली हुई लाश
सूचना पर सविना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य सन्न कर देने वाला था। जिस कमरे में ASI सो रहे थे, उसी कमरे में बेड पूरी तरह जला हुआ था और उस पर ASI राकेश मीणा का अधजला शव पड़ा मिला। घर में उस समय वे पूरी तरह अकेले थे। थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि आग पहले बेड पर लगी, जिसकी चपेट में आने से ASI की मौत हुई। हालांकि आग दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण—इस दिशा में जांच जारी है।
21 दिसंबर से थे ड्यूटी से गायब
ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना के अनुसार ASI राकेश मीणा 21 दिसंबर से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। इससे पहले भी वे कई बार बिना सूचना के गैरहाजिर रहे थे। सहकर्मियों के अनुसार वे कम बातचीत करने वाले और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अब इस मामले को दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य संदिग्ध पहलू—तीनों कोणों से जांच रही है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.