24 News Update उदयपुर। पाटिया थाना पुलिस ने शादी समारोह से लौट रहे युवक की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव के नेतृत्व में टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से आरोपियों को दबोचा। पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 की रात करीब 2 बजे गमेतीफला खेड़ाघाटी निवासी निलेश, जो शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था, पर रास्ते में घात लगाकर हमला किया गया। आरोपियों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में मृतक के भाई शिवशंकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर प्रकरण संख्या 59/2026 में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बद्रीप्रसाद, जेपिन, प्रदीप, हितेश और जगदीश को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गमेतीफला खेड़ाघाटी क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और आपराधिक साजिश को लेकर गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई में पाटिया थाना पुलिस के साथ साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की भी अहम भूमिका रही।
शादी से लौटते युवक की हत्या का पर्दाफाश: पुरानी रंजिश में 5 आरोपी गिरफ्तार, पाटिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Advertisements
