Site icon 24 News Update

सांसद डॉ रावत ने उदयपुर-चंडीगढ़-सुपरफास्ट का नाम हल्दीघाटी सुपरफास्ट या मानगढ़ घाम सुपरफास्ट रखने का आग्रह किया

Advertisements

-रेल मंत्री व मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


24 news update उदयपुर। सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर उदयपुर-चंडीगढ़-उदयपुर सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 20989/20990 का नाम हल्दीघाटी सुपरफास्ट अथवा जनजातीय गौरव मानगढ़ घाम सुपरफास्ट रखने का आग्रह किया है।
सांसद डॉ रावत ने पत्र में लिखा कि उदयपुर से चण्डीगढ़ द्विसाप्ताहिक ट्रेन संख्या 20989/20990 का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा से वर्चुअल माध्यम से करने वाले हैं। यह ट्रेन उदयपुर (मेवाड़) से प्रारम्भ होगी, जहां पर शौर्य, बलिदान एवं स्वाधीनता के लिए विश्व प्रसिद्ध हल्दीघाटी का युद्ध लड़ा गया था। साथ ही यह क्षेत्र जनजाति बाहुल्य क्षेत्र भी है। सांसद डॉ रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2025 को जनजाति गौरव वर्ष के रूप में मनाये जाने की भी घोषणा की हैं। दक्षिणी राजस्थान में स्थित मानगढ़ धाम स्वतन्त्रता की अलख जगाने के लिए विशेष महत्व रखता है, जहां आजादी के आंदोलन में सन् 1913 में 1500 भील क्रांतिकारियों ने संत गोविन्दगिरिजी के नेतृत्व में अंग्रेजी सेना के विरूद्ध आजादी की लड़ाई लड़ते हुए शहीद हुए थे।
सांसद डॉ रावत ने रेल मंत्री श्री वैष्णव व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया है कि राजस्थान के मेवाड़ तथा जनजाति अंचल से शुरू होने वाली उदयपुर-चंड़ीगढ़-उदयपुर सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 20989/20990 का नामकरण हल्दीघाटी सुपरफास्ट या मानगढ़ धाम सुपरफास्ट करने की घोषणा करवाए जिससे इस क्षेत्र का मान बढें।
मोदी का स्वागत-रोजगार की समस्या हल होगी
सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र के 25 सितंबर को बांसवाडा पधारने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया है। साथ ही उन्होंने उदयपुर से चंडीगढ़ रेल सेवा एवं आदिवासी क्षेत्र में उद्योग रोजगार तथा बिजली उत्पादन के लिए एक बड़े परमाणु विद्युत घर के शिलान्यास को लेकर क्षेत्र की संपूर्ण जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे आने वाले समय में क्षेत्र में रोजगार के लिए होने वाले पलायन की समस्या का समाधान होगा और युवाओं को नवीन क्षेत्र में रोजगार प्राप्त होगा।

Exit mobile version