24 News update उदयपुर। चित्तौड़गढ़–उदयपुर रेलखंड पर स्थित मावली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अमृत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य तेज़ी से जारी हैं। लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इन कार्यों में आधे से अधिक काम पूरा कर लिया गया है। कार्य को इस वर्ष के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नई स्टेशन बिल्डिंग का ग्राउंड फ्लोर तैयार
करीब 1428 वर्गमीटर क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। इसका ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुका है। भवन में पंखे और ट्यूबलाइट सहित लाइटिंग कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में स्टील बेंच लगाए गए हैं। आधुनिक शौचालयों का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिसमें महिलाओं और दिव्यांगजन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। बुकिंग और पूछताछ कार्यालयों में कार्य प्रगति पर है, जबकि फर्स्ट फ्लोर का अधिकांश कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
फुट ओवर ब्रिज और पार्किंग एरिया का काम जारी
मुख्य स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म शेल्टर और बुकिंग काउंटर का निर्माण पूरा हो गया है, जबकि सर्कुलेटिंग एरिया और मुख्य प्रवेश द्वार का काम जारी है।
प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 को जोड़ने वाले 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का लोहे का ढांचा तैयार किया जा चुका है और अब finishing कार्य चल रहा है। सेकंड एंट्री की ओर बुकिंग कार्यालय और वेटिंग हॉल का निर्माण पूरा हो गया है। लगभग 9000 वर्गमीटर सर्कुलेटिंग एरिया और 1315 वर्गमीटर पार्किंग एरिया के कार्य भी अंतिम चरण में हैं।
घोषणा प्रणाली और सूचना बोर्ड हुए आधुनिक
स्टेशन पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम तथा कोच इंफॉर्मेशन डिस्प्ले बोर्ड का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, साफ-सुथरा और आकर्षक स्टेशन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य निरंतर जारी है। अजमेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने अधीनस्थ अधिकारियों को शेष कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने और गति में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अजमेर मंडल के अंतर्गत 15 स्टेशनों पर अमृत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें मावली जंक्शन भी प्रमुख रूप से शामिल है।

