- निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा, जनता को मिला जनसुविधाओं का उपहार
- विधायक कृपलानी ने की 3 करोड़ की लागत से नवीन डोम निर्माण की घोषणा
निंबाहेड़ा, 29 अक्टूबर (कविता पारख)। निंबाहेड़ा में आयोजित भव्य समारोह में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने विधानसभा क्षेत्रवासियों को 13 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी।
विधायक कृपलानी ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। साथ ही, कृषि उपज मंडी निंबाहेड़ा में किसानों की सुविधाओं के लिए 3 करोड़ रुपये की लागत से नवीन डोम निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गायरी, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, पूर्व उपाध्यक्ष पारस पारख, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, कमलेश बुनकर, उपाध्यक्ष गोपाल पंचोली, लक्की आहूजा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राठौड़, नगर महामंत्री डॉ. आशीष टांक, चिराग मंत्री सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक कृपलानी ने कहा कि “निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों की श्रृंखला जारी है। क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम, वार्ड और बस्ती तक जनसुविधाओं का विस्तार कर जीवन स्तर को बेहतर बनाना हमारा लक्ष्य है।”
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से जनता की आवश्यकताओं की पूर्ति प्राथमिकता के साथ की जा रही है।
विधायक कृपलानी ने जिन कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, उनमें प्रमुख रूप से —
- कृषि उपज मंडी समिति निंबाहेड़ा में 2.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सेल्फ सपोर्टिंग डोम,
- 1.81 करोड़ रुपये की सीसी पेवमेंट सड़कें,
- 2.04 करोड़ रुपये की सीसी सड़क,
- 55 लाख रुपये का किसान कलेवा भवन,
- 66 लाख रुपये की बाउंड्री वॉल तथा
- 8.39 लाख रुपये के अन्य कार्य शामिल हैं।
कृषि उपज मंडी में उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कृषि उपज मंडी समिति सचिव संतोष कुमार मोदी, क्रेता व्यापार संघ अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, अभिषेक वडारा, कमलेश दुग्गड़, मनोज राजोरा, वैभव अब्बानी, मनोज मेहता, रौनक धूत, अक्षय मारू, अभिनव मारू, पुखराज सेहलोत सहित मंडी के व्यापारी, हम्माल एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में व्यापारियों ने किसानों की सुविधाओं में विस्तार के लिए नवीन डोम निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक कृपलानी ने मंडी परिसर में 80 फीट गुणा 200 फीट आकार के नवीन डोम का 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराने की घोषणा की।
जिला चिकित्सालय में हुए विकास कार्यों का लोकार्पण
साथ ही जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें शामिल हैं —
- एनएचएम-पीआईपी योजना अंतर्गत 4.50 करोड़ रुपये की लागत से चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ आवास निर्माण कार्य,
- श्री सेवा संस्थान के सहयोग से 12 लाख रुपये की ऑटो एनालाइजर मशीन,
- 4 लाख रुपये की ऑटो सीबीसी मशीन,
- आईडीबीआई बैंक के सहयोग से 9.95 लाख रुपये की सी.आर. मशीन,
- आरएमआरएस मद से 55 हजार रुपये की ऑटो एनालाइजर मशीन,
- 1.45 लाख रुपये की ऑटो फ्लोक्वेंट एनालाइजर मशीन तथा
- 45 हजार रुपये की यूरिया एनालाइजर मशीन (11-13 मीटर)।
लोकार्पण कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पीएमओ डॉ. राघव सिंह, डॉ. प्रशांत पाटीदार, डॉ. हरिओम तुर्किया, नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी, मुकेश खंडेलवाल, मनीष तोलम्बिया सहित चिकित्साकर्मी एवं नर्सिंग स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी ने विधायक कृपलानी का आभार जताते हुए कहा कि इन नई सुविधाओं से क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर विधायक कृपलानी ने पीएमओ डॉ. राघव सिंह के आवास पर विधिवत पूजन के पश्चात गृह प्रवेश कराया, जहां डॉ. राघव सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक कृपलानी सहित अतिथियों ने चिकित्सक आवास भवन के समीप वृक्षारोपण कर राजस्थान सरकार के ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
सभी ने विधायक कृपलानी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

