24 News Update उदयपुर। शहर के पानेरियों की मादड़ी स्थित मेनारिया समाज ग्राम सभा में होली पर्व के अवसर पर सामूहिक ढूंढोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समाज के लोगों ने मिलकर यह पर्व पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया। सोमवार शाम को विधिविधान के साथ होलिका दहन किया गया, जबकि मंगलवार को धूलंडी के अवसर पर विशाल सामूहिक ढूंढोत्सव आयोजित हुआ।
समाज अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया ने बताया कि होली पर्व के साथ ही ठाकुर जी के मंदिर से मेनारिया समाज की पारंपरिक गैर नृत्य की शुरुआत होती है, जो अगले 15 दिनों तक लगातार आयोजित की जाती है। यह परंपरा समाज में वर्षों से चली आ रही है।
प्रवक्ता कैलाश मेनारिया के अनुसार इस वर्ष सामूहिक ढूंढोत्सव में समाज के 40 नवजात बालक-बालिकाओं की ढूंढ की गई। धूलंडी की सुबह ढूंढ वाले सभी बाल-गोपालों को होली चौक लाकर होली की परिक्रमा करवाई गई। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे होली चौक नोहरे में सामूहिक ढूंढ का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान भजन मंडली द्वारा फाल्गुनी भजनों का गायन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सायंकाल होली चौक नोहरे में पूरे समाज के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया। ग्राम सभा महामंत्री किशनलाल नेतावत, कोषाध्यक्ष कैलाश सखावत सहित ग्राम सभा के सभी पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक, युवाजन, माताएं एवं बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पानेरियों की मादड़ी में मेनारिया समाज का सामूहिक ढूंढोत्सव, 40 नवजातों की ढूंढ, खूब जमा गैर नृत्य

Advertisements
