24 News Update राजसमंद। प्रेम प्रसंग और व्यक्तिगत विवाद ने शुक्रवार को प्रियंका (21) और उसके दो साल के बेटे आर्यन की जान ले ली। आरोपी प्रेमी गोविंदसिंह रावत ने 8 महीने की गर्भवती महिला और उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला का शव पत्थर से बांधकर तालाब में फेंका गया, जबकि बच्चे का शव जंगल में फेंक दिया गया।
हत्या की योजना और अंजाम
घटना 11 फरवरी की रात हुई, जब प्रियंका को गोविंदसिंह ने फोन कर बुलाया। आरोपी ने अपने दोस्त राहुलसिंह के साथ कार में प्रियंका और आर्यन को बैठाकर भीम से लगभग 20 किलोमीटर दूर दर्रा के जंगलों में ले गया। दोनों का गला दबाकर हत्या की गई। SP ममता गुप्ता ने बताया कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और लंबे समय से प्रियंका से संपर्क में था। हत्या की योजना प्रेमिका और बच्चे से छुटकारा पाने के मकसद से बनाई गई थी।
शव की बरामदी
महिला के शव को 16 फीट गहरे पानी से निकालने के लिए सिविल डिफेंस और SDRF टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। बच्चे का शव जंगल से बरामद किया गया। दोनों शवों को भीम उप जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। घटनास्थल पर जब पुलिस आरोपी को लेकर पहुंची, तो प्रियंका के पिता शंकरसिंह फूट-फूटकर रो पड़े और भाई करणसिंह ने गुस्से में आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस कार्रवाई
मुख्य आरोपी गोविंदसिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथी राहुलसिंह फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए हैं और प्रारंभिक जांच में हत्या गला घोंटकर करने की पुष्टि हुई है। प्रियंका घर से करीब 8 तोला सोना और 3 किलो चांदी के आभूषण पहनकर गई थी, जो अब गायब बताए जा रहे हैं।
मामला भीम थाना क्षेत्र का है और 12 फरवरी को दर्ज गुमशुदगी के नौ दिन बाद 19 फरवरी को पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.