Site icon 24 News Update

‘सुदर्शन चक्र-2’ अभियान में बड़ी सफलता: संगठित अपराध का फरार हिस्ट्रीशीटर राहिल शेख गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर। घंटाघर थाना पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश मोहम्मद राहिल शेख उर्फ बोहरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, गंभीर मारपीट, छेड़छाड़, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 24 मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “सुदर्शन चक्र-2” के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में घंटाघर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह राठौड़ ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित आरोपी शहर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद राहिल शेख उर्फ बोहरा (27) पुत्र खलील अहमद शेख, निवासी कीकर गली, महावतवाड़ी, थाना घंटाघर, उदयपुर का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।

हत्या के प्रयास से लेकर एनडीपीएस एक्ट तक मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट, मारपीट, छेड़छाड़, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी से फिलहाल विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी कर्मवीर सिंह राठौड़ के साथ सत्यपाल (हेड कांस्टेबल) और सोहन सिंह (कांस्टेबल ) की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version