24 News Update भीलवाड़ा | राजस्थान हाउसिंग बोर्ड का भीलवाड़ा ऑफिस बुधवार रात एक ‘पार्टी स्पॉट’ में तब्दील हो गया। यहां अकाउंट सेक्शन के एक कमरे में शराब और नॉनवेज पार्टी चल रही थी, जिसमें रिटायर्ड अफसर से लेकर जूनियर स्टाफ तक शामिल था। मामला मीडिया में आने के बाद जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सख्ती दिखाई और जवाब-तलब के आदेश दिए। साथ ही एक जूनियर अकाउंटेंट और एक रिटायर्ड कर्मचारी को नोटिस जारी किया गया है।
पार्टी में मचा था हुड़दंग, मीडिया देखकर हुए फरार
बुधवार रात ऑफिस के एक कमरे में शराब की बोतलें, ग्लास, वेफर्स और चिप्स खुले में रखे थे। पास बने किचन में नॉनवेज के बर्तन पकने की हालत में थे। मीडिया के कैमरे पहुंचते ही कुछ कर्मचारी भाग निकले। इस पूरी पार्टी में 31 मार्च को रिटायर हुए एक एक्सईएन भी शामिल थे, जो मौके से खिसक लिए।
हर कमरे की लाइट ऑन, जैसे कोई फैमिली फंक्शन हो
ऑफिस में हर कमरे की लाइट और पंखे चालू थे। माहौल देखकर लगता था मानो कोई पारिवारिक कार्यक्रम हो रहा हो। लेकिन मामला था सरकारी दफ्तर में रात को अवैध पार्टी का। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संधू ने उदयपुर हाउसिंग बोर्ड के एक्सईएन अजय मेहता को भीलवाड़ा भेजा। मेहता ने मौके पर जाकर पूरा विवरण जुटाया और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
अब होगी सख्त कार्रवाई
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगे से इस तरह की घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। पूरे विभाग में घटना को लेकर तनाव और नाराजगी का माहौल है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.