24 न्यूज अपडेट निम्बाहेड़ा (कविता पारख)।पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को जिले के डूंगला और बोहेड़ा (बड़ीसादड़ी) ग्रामों में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) का भूमि पूजन किया। साथ ही उन्होंने खेल मैदान, सीसी सड़क और अटल पथ का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” विजन के अनुरूप देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि डूंगला में 50 बेड और बोहेड़ा में 30 बेड के स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, लैब, दवा वितरण केंद्र और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता ग्रामीणों के सहयोग पर निर्भर है और आमजन को इनका पूर्ण लाभ लेना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी सोच के तहत डूंगला-बड़ीसादड़ी क्षेत्र में कॉलेज, सड़कें, पेयजल योजनाएं और किसान कल्याण योजनाएं लागू की जा रही हैं।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक, पूर्व विधायक, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, आईएएस प्रशिक्षु और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। राज्यपाल ने ग्रामीणों से मुलाकात कर विकास कार्यों की प्रगति जानी और अधिकारियों को जनहित में कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कटारिया ने किया डूंगला और बोहेड़ा में 24 करोड़ से अधिक के आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे का भूमि पूजन

Advertisements
