24 News update अजमेर | कर्नाटक के विवादास्पद वक्फ विधेयक 2025 को लेकर भड़काऊ वीडियो जारी करने वाले कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद कबीर खान को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया गया है। अजमेर पुलिस ने कर्नाटक पुलिस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे आदर्श नगर क्षेत्र से पकड़ा और कर्नाटक पुलिस के हवाले कर दिया।
अजमेर एसपी वंदिता राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्नाटक पुलिस को इनपुट मिला था कि कबीर खान अजमेर में छिपा हुआ है। इसके बाद अजमेर पुलिस की मदद से उसे दबोचा गया।
क्या है पूरा मामला
कबीर खान, जो कि कर्नाटक के दावणगेरे का निवासी और कांग्रेस का पूर्व पार्षद है, ने हाल ही में पारित वक्फ विधेयक 2025 के विरोध में एक बेहद भड़काऊ वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उसने युवाओं को हिंसा के लिए उकसाया था, जिससे पूरे राज्य में तनाव का माहौल बन गया।
वीडियो में कबीर खान ने कथित रूप से कहा—
“बसों और ट्रेनों में आग लगा दो… कुछ लोगों को अपनी जान कुर्बान करने दो… हर शहर में आठ से दस मौतें होनी चाहिए।”
वह आगे कहता है— “पोस्टर और याचिकाओं से कुछ नहीं होगा… सिर्फ तबाही ही असर करेगी।”
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे लेकर जबरदस्त विरोध हुआ और पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट व देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद अब कर्नाटक पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने राज्य ले गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूछताछ और जांच में तेजी लाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं थी और क्या कबीर खान का किसी कट्टरपंथी संगठन से संपर्क रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कई सामाजिक संगठनों ने ऐसे बयान की निंदा करते हुए इसे समाज में जहर घोलने वाला बताया है।
कर्नाटक का कांग्रेस नेता अजमेर से गिरफ्तार: वक्फ बिल पर दिया था भड़काऊ बयान, वीडियो से मचा था बवाल

Advertisements
