24 News Update लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कैंसर उपचार की बदलती तस्वीर को करीब से देखने आज लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी और वरिष्ठ छात्र नेता राजेश जायसवाल ने प्रोफेसर अमेरिका सिंह के नेतृत्व में कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. एम.एल.बी. भट्ट से शिष्टाचार भेंट कर चिकित्सा सुविधाओं और अत्याधुनिक उपचार व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
दौरे के दौरान प्रोफेसर अमेरिका सिंह ने संस्थान में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के भीतर ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की कैंसर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होना गर्व का विषय है। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका से आयातित अत्याधुनिक मशीनों, रोबोटिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित उपचार प्रणालियों का उल्लेख करते हुए इसे उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया। प्रोफेसर सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट न केवल प्रदेशवासियों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है, बल्कि यह आने वाले समय में वैश्विक पहचान भी स्थापित करेगा। उन्होंने निदेशक सहित संस्थान से जुड़े चिकित्सकों और शिक्षकों को इस सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य के लिए बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि भविष्य में यह संस्थान अंतरराष्ट्रीय मरीजों का भी भरोसेमंद केंद्र बनेगा, जिससे उत्तर प्रदेश की छवि वैश्विक स्वास्थ्य मानचित्र पर और सशक्त होगी तथा राज्य के समग्र विकास में इसकी अहम भूमिका रहेगी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.