Site icon 24 News Update

शिकार बना शिकारीः डूंगरपुर में सूअर का पीछा कर रहा पैथर खुद गिरा कुएं में, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, डूंगरपुर। डूंगरपुर जिले के आतरी गांव में एक अनोखा दृश्य उस वक्त देखने को मिला जब एक शिकारी खुद अपने शिकार के पीछे भागते हुए कुएं में जा गिरा। मंगलवार सुबह हनुमान मंदिर के पीछे स्थित एक पुराने कुएं से पैथर की दहाड़ने की आवाजें सुन ग्रामीणों के होश उड़ गए। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि कुएं में एक पैथर (लेपर्ड) और जंगली सूअर फंसे हुए थे। ग्रामीणों का अनुमान था कि लेपर्ड सूअर का शिकार करने के प्रयास में उसका पीछा कर रहा था, इसी दौरान दोनों कुएं में जा गिरे। गनीमत रही कि कुएं में करीब दो फीट पानी भरा था, जिससे दोनों जानवर सुरक्षित रहे। घटना की जानकारी तुरंत वरदा पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती प्रयास में भीड़ को नियंत्रित कर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई। उदयपुर से ट्रैंक्विलाइज विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर बुलाई गई। रेस्क्यू के तहत पहले कुएं में पिंजरा उतारा गया और कुछ देर की कोशिशों के बाद लेपर्ड को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पैथर के एक पैर में हल्की चोट आई है, जिसके इलाज के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद सूअर को भी सुरक्षित तरीके से कुएं से बाहर निकाला गया और जंगल में छोड़ा गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन दोपहर तक चला और वन विभाग की सतर्कता व कुशलता से दोनों जानवरों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए थे, लेकिन प्रशासन और वन विभाग की सतर्कता के चलते किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली। यह घटना न केवल एक रोमांचक वन्यजीव घटना बन गई, बल्कि इसने यह भी दिखाया कि कभी-कभी शिकार के पीछे भागते हुए शिकारी भी खुद फंस सकता है।

Exit mobile version