Site icon 24 News Update

निम्बाहेड़ा में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिली रफ्तार

Advertisements

24 News Upadte निम्बाहेड़ा (कविता पारख) सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को निम्बाहेड़ा में नई गति मिल रही है। जिला चिकित्सालय निम्बाहेड़ा के कक्ष संख्या 8 में यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जहां 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. राघव सिंह एवं बीसीएमओ अनुराधा मैडम ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है, और समय रहते लगाया गया यह टीका इस घातक बीमारी से काफी हद तक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सामान्यतः निजी चिकित्सा संस्थानों में 4 से 6 हजार रुपये तक की लागत में उपलब्ध होती है, जिससे कई परिवार इसे लगवाने में हिचकिचाते हैं। लेकिन सरकार द्वारा आमजन के हित में इसे निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय में उपलब्ध कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा बालिकाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करना है। इसके लिए अस्पताल स्तर पर ही नहीं, बल्कि स्कूलों और समुदाय में भी जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं, ताकि अभिभावक इस टीके के महत्व को समझें और अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यह भी अपील की कि अभिभावक सरकारी अस्पताल में उपलब्ध इस सुरक्षित व प्रभावी टीके का लाभ उठाएं। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका आने वाले वर्षों में हजारों जिंदगियों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान नर्सिंग अधीक्षक जितेन्द्र सिंहवी, बीपीएम प्रकाश नागौरी, नर्सिंग ऑफिसर मनीष तोलंबिया, एएनएम नीलम मेघवाल, आशा रानी एवं अमिशा मीणा सहित पूरी चिकित्सा टीम मौजूद है। टीम द्वारा टीकाकरण के साथ-साथ अभिभावकों और बालिकाओं को विस्तार से जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के इस सराहनीय प्रयास से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बन रहा है और लोग तेजी से इस अभियान से जुड़ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक बालिकाएं इस टीके का लाभ लेकर स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर कदम बढ़ाएंगी।

Exit mobile version