24 News Update सीकर/चूरू। दिल्ली से खाटूश्यामजी (सीकर) और सालासर बालाजी (चूरू) धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शनिवार से शुरू हो गई। इस सेवा के तहत श्रद्धालु एक ही दिन में दोनों धामों के दर्शन कर सकेंगे। फिलहाल प्रतिदिन एक उड़ान संचालित होगी। यात्रियों को वीआईपी दर्शन के साथ होटल और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूरा पैकेज प्रति यात्री 95 हजार रुपये का रखा गया है।
पहले दिन कवि और लेखक डॉ. कुमार विश्वास अपने परिवार सहित इस सेवा के पहले यात्री बने। उनका हेलिकॉप्टर खाटूश्यामजी मंदिर से लगभग नौ किलोमीटर दूर जालूण्ड हेलीपैड पर उतरा। यहां से उन्हें विशेष व्यवस्था के तहत मंदिर ले जाया गया।
डॉ. कुमार विश्वास ने बाबा श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन कर कहाकृ “यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे प्रथम यात्री बनने का अवसर मिला। अध्यात्म और आस्था भारत की आत्मा है। आज का समय हमारे सांस्कृतिक परिदृश्य का उदयकाल है। राजस्थान से मेरा पुराना नाता रहा है, और बाबा के दर्शन तभी संभव होते हैं जब उनका आशीर्वाद होता है, धन-सामर्थ्य या लोकप्रियता से कुछ नहीं होता।”
उन्होंने यह भी कहा कि अब लोगों के लिए एक ही दिन में खाटूश्यामजी और सालासर जाकर लौटना आसान हो गया है। खासकर दिल्ली, रोहिणी और नोएडा जैसे बड़े शहरों से लोग सुबह उड़ान भरकर शाम तक लौट सकते हैं। युवाओं में भी आस्था और अध्यात्म के प्रति रुझान तेजी से बढ़ रहा है।
उड़ान का कार्यक्रम
यह सेवा दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से शुरू की गई है। हेलिकॉप्टर सुबह 9ः30 बजे उड़ान भरेगा और शाम तक वापसी होगी। खाटूश्यामजी के 52 बीघा पार्किंग स्थित हेलीपैड पर लैंडिंग की जाएगी।
दिल्ली से खाटूश्यामजी-सालासर बालाजी धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू, पहले यात्री बने डॉ. कुमार विश्वास

Advertisements
