Site icon 24 News Update

जयपुर एयरपोर्ट पर फिर बिगड़ा फ्लाइट शेड्यूल, दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट 8 घंटे देरी से, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Advertisements

24 News Update जयपुर। राजधानी जयपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बार फिर फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ा गया। दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-57 को आखिरी वक्त पर रीशेड्यूल कर दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी कारणों से इनकमिंग फ्लाइट SG-58 के विलंब होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

SG-57 फ्लाइट 8 घंटे 30 मिनट की देरी से होगी रवाना
जयपुर से दुबई के लिए रवाना होने वाली स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट SG-57 को सुबह 9:30 बजे उड़ान भरनी थी और दोपहर 12:55 बजे दुबई पहुंचना था। लेकिन दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट में तकनीकी समस्या के कारण देरी हो गई, जो SG-57 की ही इनकमिंग फ्लाइट है। नतीजतन, अब SG-57 8 घंटे 30 मिनट देरी से शाम 6 बजे जयपुर से दुबई के लिए रवाना होगी।

SG-58 फ्लाइट भी 8 घंटे से ज्यादा देरी से रवाना
दुबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-58 को निर्धारित समय अनुसार सुबह 3:40 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन तकनीकी खामी के चलते यह फ्लाइट 8 घंटे 20 मिनट देरी से दोपहर 12 बजे दुबई से रवाना हुई और अब इसके शाम 4:45 बजे जयपुर पहुंचने की संभावना है।

यात्रियों को भारी असुविधा, घंटों इंतजार
फ्लाइट शेड्यूल में हुए बदलाव की कोई पूर्व सूचना यात्रियों को नहीं दी गई, जिससे सुबह 7 बजे से ही जयपुर एयरपोर्ट पर दुबई जाने वाले यात्री पहुंचने लगे थे। लेकिन आखिरी क्षण में उड़ान को रीशेड्यूल किए जाने से उन्हें घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि न तो एयरलाइन की ओर से स्पष्ट सूचना दी गई और न ही वैकल्पिक इंतजाम किए गए। जयपुर एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल में बार-बार गड़बड़ी देखी जा रही है, जिससे यात्रियों में असंतोष बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार तकनीकी समस्याओं और रीशेड्यूलिंग से जयपुर एयरपोर्ट की साख पर असर पड़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Exit mobile version