24 News Update भीलवाड़ा। शहर के सांगानेरी गेट क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सुभाष नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां स्थानीय लोगों की सतर्कता और बाद में दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, सांगानेरी गेट रोड पर एक कार पिछले कुछ दिनों से खड़ी थी। शुक्रवार को अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग भड़क गई। कार में आग लगती देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने अपने स्तर पर बाल्टियों और केन में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। लगातार प्रयासों के बावजूद आग तेजी से फैलती रही। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सूचना पर सुभाष नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कार मालिक की पहचान करने और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
भीलवाड़ा में सड़क किनारे खड़ी कार में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

Advertisements
