Site icon 24 News Update

डोडाचूरा तस्करों ने पुलिस पर बरसाईं गोलियां, 15 राउंड फायरिंग के बाद जंगल में गाड़ी छोड़ फरार

Advertisements

24 News Update प्रतापगढ़। जिले के धरियावद थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ जैसे हालात बन गए। पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी पिकअप वाहन को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक करोड़ रुपए से अधिक कीमत का डोडाचूरा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि 22 मार्च को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन धमोतर से धरियावद की ओर आ रहा है। सूचना पर थानाधिकारी हजारीलाल और डीएसटी प्रभारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने पाचागुड़ा स्थित एक रिसॉर्ट के पास नाकाबंदी कर दी।
सोमवार तड़के करीब 4 बजे बांसी की ओर से आ रही पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार दो युवकों ने पिस्टल दिखाते हुए नाकाबंदी तोड़ दी और वाहन को आरामपुरा के जंगल की ओर दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 राउंड गोलियां चलने के बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आरोपी वाहन को करीब 10 किलोमीटर अंदर जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद आरपीएस शक्ति दायमा, क्यूआरटी और डीएसटी टीमों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 38 कट्टों में भरा 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

Exit mobile version