24 News Update उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार, बुधवार को मकर संक्रांति के अवसर पर राज्य भर में संभागीय मुख्यालयों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पतंग उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उदयपुर संभाग मुख्यालय पर भी संभाग स्तरीय पतंग उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर जितेंद्र ओझा ने अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन को सफल बनाने और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि शहर के चार प्रमुख पर्यटन स्थलों—फतहसागर की पाल, गणगौर घाट, मोती मगरी और सज्जनगढ़ दुर्ग—पर पतंगबाजी का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक स्थल पर आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उत्सव में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। नोडल अधिकारियों को पतंगों की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था, उपस्थित आमजन में तिल के लड्डू वितरण सहित सामान्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन का समय सांय 4 बजे से 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उत्सव को सफल बनाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
संभाग स्तरीय पतंग उत्सव कल, चार प्रमुख पर्यटन स्थलों पर शाम 4 से 5:30 बजे तक होगा आयोजन

Advertisements
