24 News Update उदयपुर, 17 अप्रैल। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को गोगुन्दा एवं सायरा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड एवं तहसील कार्यालय, राजकीय अस्पताल, अन्नपूर्णा रसोई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
दौरे के दौरान जिला कलक्टर गोगुन्दा पहुंचे, जहां उन्होंने महाराणा प्रताप की राजतिलक स्थली एवं ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन किया तथा परिसर की साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने उपखंड एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम शुभम् भैसारे एवं तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए राजस्व न्यायालय की पत्रावलियों को ऑनलाइन करने तथा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने राजकीय अस्पताल का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही सोनोग्राफी मशीन हेतु आवश्यक उपकरणों के लिए प्रस्ताव प्रेषित करने को कहा।
अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लाभार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। सायरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत ब्राह्मणों का कलवाड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान शादी वाले परिवारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को बाईपास से बस स्टैंड तक सड़क निर्माण कार्य एक माह में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। दौरे के दौरान विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिनेश मीणा, डॉ. शांतिलाल चौबीसा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल का गोगुन्दा-सायरा दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Advertisements
