24 News Update उदयपुर। श्री श्याम सेवा ट्रस्ट द्वारा डबोक एयरपोर्ट के समीप तुलसीदास सराय में बनाए जा रहे राजस्थान के दूसरे सबसे बड़े भव्य श्याम मंदिर के निर्माण कार्य को 24 जुलाई को एक वर्ष पूर्ण हो रहा है। इस अवसर पर 30 अगस्त को विशाल झूलोत्सव कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष शशिकांत खेतान ने जानकारी दी कि 24 जुलाई 2024 को वृंदावन के आचार्य ब्रजेश महाराज एवं पांच वेदपाठी पंडितों के सान्निध्य में 101 जोड़ों द्वारा गर्भगृह पूजा की गई थी। तत्पश्चात तत्कालीन जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, वर्तमान एसपी योगेश गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने शिलाएं सिर पर धारण कर गणेश जी, हनुमान जी, शंकर जी, राणी सती दादी और खाटू श्याम जी के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11 फीट गहराई में स्थापित की थीं। मीडिया प्रभारी डॉ. बालकृष्ण शर्मा के अनुसार, “जय श्री श्याम” और “हारे के सहारे की जय” के उद्घोष से परिसर गूंज उठा था। ट्रस्ट सचिव प्रताप नारायण गुप्ता ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य चमत्कारिक गति से आगे बढ़ रहा है। 10 जून 2025 को राम मंदिर की तर्ज पर 21 फीट ऊंचाई पर मंदिरों की आधार शिलाएं सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ट्रस्टियों द्वारा पूजन कर स्थापित की गईं।
“एक रुपया, एक ईंट” योजना से जुड़ रहे श्रद्धालु
ट्रस्टी अशोक पोद्दार ने बताया कि मंदिर निर्माण में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु “एक रुपया, एक ईंट” योजना चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत हजारों भक्त श्रद्धा और सामर्थ्यानुसार सहयोग कर रहे हैं।
एक लाख 17 हजार वर्गफुट में बन रहा भव्य परिसर
ट्रस्टी उमेश दाधीच और राजू शर्मा ने बताया कि मंदिर का कुल क्षेत्रफल 1,17,000 वर्गफुट रहेगा। मुख्य मंदिर का फ्लोर एरिया 13,000 स्क्वायर फीट है तथा इसके नीचे 9,000 स्क्वायर फीट का हॉल तैयार हो रहा है, जहां इसी माह से कीर्तन प्रारंभ कर दिया गया है। मंदिर की ऊंचाई 91 फीट होगी, जो हाईवे से 20 फीट ऊपर होगी, जिससे सड़क से भी भव्य दर्शन हो सकेंगे।
राम मंदिर जैसे पत्थरों से होगा निर्माण
मंदिर निर्माण में वही बंसी पाथर (बान्सी भरतपुर) उपयोग में लिए जा रहे हैं, जो अयोध्या के श्रीराम मंदिर में लगाए गए हैं। ट्रस्टी अमिताभ गोयल और एन.एल. खेतान ने बताया कि परिसर में 100 कमरों की धर्मशाला, गौशाला, वृद्धाश्रम और 30,000 स्क्वायर फीट का सुंदर गार्डन भी निर्मित किया जा रहा है। कोषाध्यक्ष विष्णु रांदड़ ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य 2026 तक पूर्ण हो जाएगा। एक वर्ष की पूर्णता पर 30 अगस्त को भव्य झूलोत्सव कीर्तन का आयोजन होगा। जयपुर के सांवरिया डेकोरेटर प्रत्येक माह मंदिर में भव्य श्रृंगार करते हैं, जबकि उमेश म्यूजिकल ग्रुप नीमच, हिमांशु साउंड और अनिल वैद अपनी संगत से माहौल को दिव्य बना देते हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष शशिकांत खेतान ने सभी ट्रस्टियों, कार्यकर्ताओं, श्याम प्रेमियों, जनता जनार्दन और मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
श्री श्याम मंदिर निर्माण को एक वर्ष पूर्ण, 30 अगस्त को होगा वार्षिक झूलोत्सव

Advertisements
