24 News Update शाहपुरा. शाहपुरा शहर के मुख्य बाजार की जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग को लेकर आज नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुरा के कार्यवाहक अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर, शाहपुरा एवं तहसीलदार, शाहपुरा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि शाहपुरा मुख्य बाजार की सड़क अत्यंत खराब स्थिति में है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क एवं धूल-मिट्टी के कारण आमजन, व्यापारी एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आये दिन वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। साथ ही विश्व प्रसिद्ध फूलडोल महोत्सव निकट होने से विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के समक्ष नगर की छवि प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की गई।
ज्ञापन पर तत्परता दिखाते हुए तहसीलदार शाहपुरा ने तुरंत जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर 20 फरवरी तक सड़क संबंधी कार्य पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया।इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रसाद धाकड़ प्रदेश सचिव, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ, अतुल त्रिपाठी सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष, जयंत जीनगर कांग्रेस नगर महामंत्री, ओम सिंधी पूर्व पार्षद, नाथु कोली पूर्व पार्षद, रामसिंह मीणा यूथ कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष, अमन पौंड्रिक यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशी यूनुस विक्की खान, सत्यनारायण धाकड़, मुन्ना खान, भंवर माली, किशन लाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि जनहित एवं नगर की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करवाया जाए।
शाहपुरा मुख्य बाजार सड़क मरम्मत हेतु कांग्रेस का ज्ञापन, 20 फरवरी तक कार्य पूर्ण करने का आश्वासन

Advertisements
