Site icon 24 News Update

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 13 जून को बांसवाड़ा दौरा: पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मिलेगा तोहफा

Advertisements

24 News Update बांसवाड़ा | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 13 जून को बांसवाड़ा का दौरा करेंगे, जहां वे कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर जिले के लगभग 15 हजार लाभार्थियों के खातों में पहली, दूसरी और तीसरी किस्त की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, मंच व्यवस्था, बिजली, पानी और हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं और अब तक की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। इस कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आवास योजना से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही, प्रतीक स्वरूप पांच-पांच महिला लाभार्थियों को मंच से सम्मानित किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने सीईओ और एसीईओ को लाभार्थियों की सूची तैयार करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को फोटो गैलरी और प्रदर्शनी से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अभिषेक गोयल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश बसेर, उपखंड अधिकारी पुनीत कुमार गेलरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह दौरा बांसवाड़ा के पीएम आवास योजना के लाभार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिससे उन्हें अपने सपनों का घर बनाने में सहायता मिलेगी।

Exit mobile version