Site icon 24 News Update

डूंगला में शिव मंदिर में तोड़फोड़ से बवाल : आक्रोशित भीड़ ने की आगजनी, 5 घंटे तक उदयपुर रोड जाम, भारी पुलिस जाब्ता तैनात

Advertisements

24 News Update चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी के डूंगला थाना क्षेत्र के भानाखेड़ी मार्ग स्थित एक निर्माणाधीन शिव मंदिर में तोड़फोड़ की वारदात के बाद मंगलवार को पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके के लोग भड़क उठे और उदयपुर रोड पर जाम लगा दिया। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर टायर जलाए और तीन ठेलों को आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डूंगला, बड़ी सादड़ी, राशमी, भूपालसागर और बेगूं थानों से भारी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। जिला कलेक्टर आलोक रंजन व DSP देशराज कुलदीप ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और करीब 5 घंटे तक समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने शिव मंदिर में घुसकर पिलर गिरा दिए और शिवलिंग को खंडित कर दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह 6:30 बजे होते ही गुस्सा भड़क गया। सुबह 8 बजे सैकड़ों लोग डूंगला बस स्टैंड पर एकत्र हो गए और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। करीब 9:30 बजे आक्रोशित भीड़ ने उदयपुर रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया। मौके पर पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी जाब्ता तैनात किया और एहतियात के तौर पर धारा 163 लागू की गई। DSP देशराज कुलदीप ने बताया कि कुछ संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया है, लेकिन एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रखा गया है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

Exit mobile version