24 News Update चित्तौड़गढ़,। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.040 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी में उपयोग की जा रही उदयपुर पासिंग की सफेद कार को भी जब्त कर लिया गया, हालांकि आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
CBN अधिकारियों को पहले से यह सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मारवाड़ क्षेत्र की ओर उदयपुर नंबर की सफेद कार में डोडाचूरा लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के निर्देशन में चित्तौड़गढ़ सेल की टीम गठित की गई और टीम को चित्तौड़गढ़–उदयपुर हाइवे पर निगरानी के लिए भेजा गया।
कुछ देर की चौकसी के बाद अधिकारियों ने संदिग्ध कार को पहचान लिया, जो सूचना में दिए गए विवरण से पूरी तरह मेल खा रही थी। टीम ने कार को रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से कार भगाने की कोशिश की और पीछा कर रही सरकारी गाड़ी को टक्कर मारते हुए फरार होने का प्रयास किया।
लम्बा पीछा करने के बाद टीम ने कार को अंततः रुकवाया, लेकिन ड्राइवर मौके से भाग निकला। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से कुल 133.040 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। CBN टीम ने मौके पर ही कानूनी कार्रवाई करते हुए नशीला पदार्थ और वाहन को NDPS एक्ट 1985 के तहत जब्त कर लिया। टीम अब फरार आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई : 133 किलो डोडाचूरा बरामद, उदयपुर पासिंग कार जब्त, चालक फरार

Advertisements
