Site icon 24 News Update

सावधान: आपका WhatsApp हो सकता है हैक: राजस्थान पुलिस ने जारी की सुरक्षा गाइडलाइन

Advertisements

24 News Update जयपुर। डिजिटल युग में जहाँ तकनीक ने जीवन आसान बनाया है, वहीं साइबर ठगों ने अब आपके सबसे भरोसेमंद ऐप व्हाट्सएप को अपना हथियार बना लिया है। महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम के निर्देशानुसार एक विशेष एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें बताया गया है कि कैसे अपराधी आपके अकाउंट का एक्सेस लेकर बैंकिंग धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं।
कैसे जाल बिछाते है साइबर ठग
उपमहानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम विकास शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर अनजान लिंक, फर्जी कॉल या स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स के जरिए आमजन के स्मार्टफोन में सेंध लगाते हैं। एक बार व्हाट्सएप का नियंत्रण हाथ में आते ही, वे आपके संपर्कों से पैसों की मांग करते हैं या आपके मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप्स का दुरुपयोग कर चंद मिनटों में खाता खाली कर देते हैं।

हैक हुआ अकाउंट कैसे करें रिकवर (स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया)
पुलिस ने हैक हुए अकाउंट को वापस पाने के लिए एक सुरक्षित तरीका साझा किया है:
★ सबसे पहले अपने फोन से व्हाट्सएप को Uninstall कर दें और सिम कार्ड बाहर निकाल लें।
★ मोबाइल को Wi-Fi से जोड़ें और अधिकृत ऐप स्टोर से एक विश्वसनीय एंटीवायरस डाउनलोड कर Full Scan करें। संदिग्ध फाइल्स और बोट्स को तुरंत डिलीट करें।
★ मोबाइल की सुरक्षा के लिए Install from unknown sources को डिसेबल करें और कॉल/एसएमएस फॉरवर्डिंग की जांच कर उसे बंद करें।
★ अब सिम को किसी साधारण फोन में डालें और स्मार्टफ़ोन में व्हाट्सएप फिर से इंस्टॉल करें।
वेरिफिकेशन के समय एसएमएस के बजाय Call me विकल्प चुनें। साधारण फोन पर कॉल के जरिए प्राप्त कोड को दर्ज करते ही आपका अकाउंट पुनः आपके नियंत्रण में आ जाएगा।
इन नंबरों पर तुरंत दें सूचना
यदि आप इस घटना के शिकार हुए हैं, तो घबराएं नहीं। तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या 9256001930 / 9257510100 पर संपर्क करें। आप अपनी शिकायत http://www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज करा सकते हैं।

पुलिस का संदेश: जागरूकता ही बचाव है। अपनी सुरक्षा सेटिंग्स को मजबूत रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी या स्क्रीन साझा न करें।

Exit mobile version