Site icon 24 News Update

आस्था का कारवां: सिंधी समाज के 800 श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी धाम में किए दर्शन, 17 बसों में भक्ति यात्रा

Advertisements

24 News update उदयपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर सिंधी समाज ने एक बार फिर सामूहिक आस्था और एकता का अद्भुत उदाहरण पेश किया। बुधवार को समाज के करीब 800 श्रद्धालुओं ने नाथद्वारा रोड स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन कर धर्म, भक्ति और सेवा की त्रिवेणी को साकार किया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं के उत्साह और उल्लास का माहौल देखते ही बन रहा था।
सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बसों में सवार होकर भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर की ओर रवाना हुए। यात्रा के दौरान “जय माता दी” के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु पूरे रास्ते माता के भजनों पर झूमते नजर आए।
संगठन के अध्यक्ष अभिषेक कालरा ने बताया कि इस भव्य धार्मिक यात्रा के लिए समाज की ओर से कुल 17 विशेष बसों की व्यवस्था की गई थी। इन बसों की निशुल्क सेवा समाज के सेवाभावी व्यक्तियों—हरीश राजान, कमल पाहुजा, उमेश नारा और अशोक लिंजारा—द्वारा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि यात्रा का संपूर्ण संचालन सिंधी युवा संगठन के तत्वावधान में सुव्यवस्थित तरीके से किया गया।
कालरा ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर समाज में माता के प्रति गहरी श्रद्धा रहती है। ऐसे में युवाओं ने आगे बढ़कर यह सुनिश्चित किया कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और आनंदमय यात्रा का अनुभव मिले।
माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रसादी (भोजन) का आयोजन भी किया गया। इस व्यवस्था का संचालन मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रमुख सुनील खत्री ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के स्वागत से लेकर भोजन व्यवस्था तक सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित कीं।

Exit mobile version