24 न्यूज अपडेट, बाड़मेर। चौहटन पुलिस ने अपनी विशेष अभियान ‘धरकरभर’ के तहत एक अहम सफलता दर्ज की है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित और ज़िले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल ₹10,000 इनामी आरोपी मोहनलाल जाट को पुलिस ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले एक महीने से फरार चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि चौहटन थाने में दर्ज एक नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी मोहनलाल पुत्र भलाराम जाट निवासी उडण्खा, थाना सदर बाड़मेर घटना के बाद से लगातार फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए उसे ज़िले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कर ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया था।
हैदराबाद में 500-600 फ्लैटों की रेकी, मजदूर वेश में तलाश
फरार आरोपी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस, वृत्ताधिकारी चौहटन जीवनलाल के मार्गदर्शन और थानाधिकारी राजुराम बामनिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक मुकना राम के नेतृत्व में पुलिस दल को हैदराबाद भेजा गया। वहां टीम ने तकनीकी व आसूचना माध्यमों के साथ 4-5 दिनों तक मज़दूर वेश में रहकर करीब 500-600 फ्लैटों और कॉलोनियों में गहन तलाश अभियान चलाया। आखिरकार आरोपी को काम की तलाश में भटकते हुए पकड़ लिया गया।
पूछताछ जारी, टीम को सराहना
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बाड़मेर लाया गया है और मामले में गहन पूछताछ जारी है। इस साहसिक व रणनीतिक ऑपरेशन में एएसआई मुकना राम, कांस्टेबल ओमप्रकाश और रमेश ने विशेष भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने इस कार्य के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए जल्द अन्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

