24 News Update उदयपुर। मेवाड़ और मारवाड़ में नशे की जड़ों को काटने के लिए उदयपुर की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और जोधपुर की एनसीबी (NCB) टीम ने शनिवार को एक ऐतिहासिक संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया। राजसमंद जिले के देलवाड़ा इलाके में एक नामी 5-स्टार होटल के ठीक पीछे स्थित पहाड़ियों पर पुलिस ने गांजे की एक विशाल अवैध खेती पकड़ी है। जब्त की गई फसल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मौके से करीब 5860 हरे-भरे पौधे बरामद किए हैं, जिन्हें बहुत ही शातिराना तरीके से दुनिया की नजरों से छिपाकर उगाया गया था।हथेलियों की ‘अंजलि’ जैसे आकार वाले खेत में मिला खजानाइस पूरे ऑपरेशन को एएनटीएफ आईजी विकास कुमार और एनसीबी के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन गांजाजुली’ नाम दिया गया। इस नाम के पीछे की वजह भी काफी दिलचस्प है। जिस 6 बीघा निजी जमीन पर यह खेती की जा रही थी, उसका भौगोलिक आकार बिल्कुल वैसा है जैसे दोनों हथेलियों को जोड़कर ‘अंजलि’ बनाई जाती है। इसी अनूठी बनावट के कारण अधिकारियों ने ‘गांजा’ और ‘अंजलि’ शब्दों को मिलाकर इसे ‘गांजाजुली’ नाम दिया। गेहूं की फसल बनी ‘सुरक्षा कवच’, ड्रोन को भी दिया चकमातस्करों की शातिर कार्यप्रणाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने गांजे के इन पौधों को गेहूं की फसल के बीच में उगाया था। जब तक गेहूं की फसल खड़ी रही, तब तक किसी को भनक तक नहीं लगी कि उसके बीच में करोड़ों का नशा तैयार हो रहा है। हाल ही में गेहूं की कटाई के बाद जब ये पौधे पूरी तरह नजर आने लगे, तब पुलिस ने दबिश दी। पहाड़ियों की ऊंची ढलान पर होने के कारण यह खेत सड़क से भी दिखाई नहीं देता था और तस्करों ने इसकी लोकेशन ऐसी चुनी थी कि ड्रोन कैमरों की नजर भी वहां आसानी से न पहुंच सके। बुजुर्ग मालिक गिरफ्तार, 19 खातेदार रडार परपुलिस ने मौके से खेत के मालिक, 65 वर्षीय नत्थूलाल गमेती को गिरफ्तार किया है। नत्थूलाल राजसमंद के खमनोर थाना क्षेत्र के रायानाल गांव का निवासी है। गिरफ्तारी के समय वह गांजे के छोटे-छोटे पैकेट बनाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि इस विवादित जमीन के कुल 19 खातेदार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। नेटवर्क की कड़ी: जयपुर से मिला था सुरागआईजी विकास कुमार ने बताया कि इस बड़ी कामयाबी का सुराग जयपुर में हाल ही में पकड़े गए एक बिचौलिए से मिला था। पूछताछ में उसने कुबूल किया था कि वह देलवाड़ा इलाके से गांजे की खेप लाता है। इसी इनपुट के आधार पर एएनटीएफ चौकी की टीम पिछले लंबे समय से इस दुर्गम पहाड़ी इलाके की निगरानी कर रही थी। पिछले 6 महीनों में एएनटीएफ की यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है, जो मेवाड़ के पहाड़ी क्षेत्रों में नशे के पनपते नेटवर्क पर करारी चोट है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation बडगांव में गैस रिफिलिंग के खेल का पर्दाफाश, मैनेजर सहित 3 पर FIR भावना कुंवर मौत मामले में पति हेमेन्द्र गिरफ्तार