Site icon 24 News Update

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अंक्षितम् फाउंडेशन व ऐरा बायोपेड्स का भव्य आयोजन, जागरूकता के साथ सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अंक्षितम् फाउंडेशन एवं ऐरा बायोपेड्स के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए जागरूकता, सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग की लेखाधिकारी महक सनाढ्य रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं, स्कूलों से आए बच्चों तथा खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
अंक्षितम् फाउंडेशन के डायरेक्टर मनीष शर्मा ने बताया कि संस्था समाजहित में निरंतर कार्य कर रही है और विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर और जागरूक होना बेहद आवश्यक है, तभी समाज का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की कालिका टीम ने उपस्थित महिलाओं को अपराध से बचाव और आत्म-सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। टीम की मुखिया दुर्गा जी ने महिलाओं को दैनिक जीवन में आने वाली संभावित परिस्थितियों में सतर्क रहने के साथ-साथ स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
इस अवसर पर अंक्षितम् फाउंडेशन द्वारा समाजहित में संचालित विभिन्न गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही ऐरा बायोपेड्स के महत्व और उसकी सामाजिक उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि ये बायोपेड्स पूरी तरह प्लास्टिक-फ्री और पर्यावरण अनुकूल हैं, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न महिला समूहों की अध्यक्षों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी स्टॉल लगाई गईं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस दौरान शरद लोढ़ा, आचार्य अणिमा गोस्वामी, सोनिका, विभाति, धन कुंवर, हंसा न्याती, नवनीत छाबड़ा, कपिला भारद्वाज, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. बलदीप शर्मा, कल्पेश सहित अनेक महिला समूहों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह पवार ने किया, जबकि विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।

Exit mobile version