24 News Update उदयपुर। सविना थाना क्षेत्र में रहने वाली गुंजन दयाल ने अपने परिवार के साथ-साथ पालतू कुत्तों को नुकसान पहुंचाने और धमकाने के मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया कि आरएसजी सोसाइटी के कई लोग संगठित रूप से उन्हें और उनके पति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और उनके पालतू जानवरों को भी निशाना बना रहे हैं।
शिकायत में कई नाम दर्ज किए गए हैं। महिला का आरोप है कि सोसाइटी में कुत्तों को खाना खिलाने पर उन्हें गालियां दी गईं, जान से मारने की धमकी दी गई और एक आरोपी ने नशे में कुत्ते को कुचलने की कोशिश भी की।
महिला के अनुसार 26 अगस्त से 2 सितंबर 2025 तक उनके परिवार को कई बार निशाना बनाया गया। स्कूटी और सामान तोड़ना, जूतों को काटना, गला दबाना, मोबाइल फोन छीनना और पिस्टल दिखाकर धमकाना जैसे कृत्य लगातार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद कर दिए गए ताकि सबूत न मिले।
महिला ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं। उन्होंने सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, परिवार को सुरक्षा देने और पालतू जानवरों के प्रति हिंसा रोकने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.