24 News Update अलवर। अलवर जिला कलेक्ट्रेट में सोमवार को “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के संबंध में समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी रणनीतियों पर विचार किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल संरक्षण की इस महत्त्वपूर्ण मुहिम में जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकाधिक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता इस अभियान में हो, जिससे यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में सफल हो सके।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु की तैयारियों को लेकर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जिले के ऐसे क्षेत्रों की समय रहते पहचान करें जहां जलभराव की संभावना अधिक है, साथ ही उन जलाशयों को चिह्नित करें जो संभावित रूप से दुर्घटनाजन्य हो सकते हैं। इन क्षेत्रों में समुचित सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
अतिवृष्टि की स्थिति में राहत व बचाव कार्यों को प्रभावी रूप से अंजाम देने हेतु विभागीय समन्वय पर विशेष बल दिया गया। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे समय रहते अपने कार्ययोजनाएं तैयार कर आपसी समन्वय से कार्य करें।
कृषि क्षेत्र की तैयारियों पर चर्चा करते हुए खरीफ फसलों की बुवाई से पूर्व किसानों को मानक, प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त खाद-बीज तथा कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नकली कृषि उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर कठोर निगरानी रखने तथा दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क किया गया।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.