Site icon 24 News Update

चलती कार पर पथराव, हाईवे पर दहशत का माहौल, बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में परिवार बाल-बाल बचा

Advertisements

24 News Update बिछीवाड़ा। थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक चलती कार पर अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में सलूंबर जिले का वरनौती परिवार बाल-बाल बच गया। पथराव से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सलूंबर के सालवी मोहल्ला निवासी प्रवीण वरनौती अपनी पत्नी मीना कुमारी सालवी एवं दो बेटों प्रतीक व कविस के साथ मकर संक्रांति की छुट्टियां मनाकर अहमदाबाद गए थे। गुरुवार रात परिवार अहमदाबाद से वापस सलूंबर लौट रहा था।
परिवार ने बताया कि बिछीवाड़ा क्षेत्र में हाईवे पर सुनसान स्थान पर अंधेरे का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाशों ने उनकी चलती कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। एक पत्थर सीधे कार के बोनट पर आकर लगा, जिससे तेज आवाज हुई और बोनट पिचक गया। परिवार ने आशंका जताई कि यदि पत्थर विंडस्क्रीन पर लगता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
अचानक हुए इस हमले से कार में सवार महिलाएं और बच्चे भयभीत हो गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक प्रवीण वरनौती ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की गति बढ़ाई और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर राहत की सांस ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हाईवे पर इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने, गश्त बढ़ाने तथा पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version