Site icon 24 News Update

आसींद में नेशनल हाईवे158 के 700 मीटर अधूरे निर्माण कार्य चालु कराने संभावित भ्रष्टाचार एवं लापरवाही के संबंध में परियोजना निदेशक राकेश कुमार पर कार्रवाई तथा सम्पूर्ण परियोजना की उच्च स्तरीय जांच कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

Advertisements

24 News Update भीलवाडा ज़िले में मांडल-आसींद-रास मार्ग पर स्थित नेशनल हाईवे 158 का अधिकांश निर्माण कार्य लगभग दो वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है, किंतु आसींद कस्बे (जि. भीलवाड़ा, राजस्थान) के मध्य लगभग 700 मीटर का हिस्सा आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। इस अधूरे निर्माण के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं और आम नागरिकों का जीवन गंभीर खतरे में पड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार इस परियोजना के परियोजना निदेशक राकेश कुमार द्वारा स्थानीय निवासियों के मकानों को यह आश्वासन देकर हटवाया गया कि भूमि अधिग्रहण के पश्चात 700 मीटर के इस अधूरे भाग का निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ कर दिया जाएगा। किंतु अत्यंत खेद का विषय है कि चार माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मकान तोड़े जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
इस विषय में कस्बे के नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कई बार केंद्रीय मंत्री के नाम ज्ञापन भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं, परंतु अभी तक संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है। परिणामस्वरूप यह अधूरा मार्ग दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन गया है। आए दिन मोटर साइकिल सवार एवं अन्य वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। साथ ही, सड़क किनारे तोड़े गए मकानों के मलबे और उड़ती धूल के कारण स्थानीय निवासियों को सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।कई बार शिकायत करने पर परियोजना निदेशक द्वारा केवल औपचारिकता के रूप में एक-दो दिन कार्य प्रारंभ कराया जाता है, किंतु शीघ्र ही उसे पुनः बंद कर दिया जाता है। इससे आमजन में अत्यंत आक्रोश और निराशा व्याप्त है।
आसींद प्रेस क्लब ने रखी मांगे
1.आसींद कस्बे में स्थित 700 मीटर के इस अधूरे हाईवे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से पूर्ण करवाने की कृपा करें।
2.इस सम्पूर्ण परियोजना में हुई तकनीकी त्रुटियों, लापरवाही एवं संभावित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए। 3. जांच उपरांत दोषी अधिकारियों, विशेषकर परियोजना निदेशक के विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति पुनः उत्पन्न न हो।
आसींद प्रेस क्लब ने आवाहन किया किया की जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर तुरन्त प्रभाव से कार्य शुरू करें व निष्पक्ष जांच करें

Exit mobile version